Monday, December 31, 2018

⭐ Happy New Year ⭐ नववर्ष 2019 की शुभकामनाएं ⭐

Dr. Varsha Singh

       🌟⭐आप सभी को सपरिवार नववर्ष 2019 की हार्दिक शुभकामनाएं ⭐🌟

स्वागत है नववर्ष तुम्हारा
फिर इक नया सबेरा हो ।
ख़्वाब अधूरा रहे न कोई
तेरा हो या मेरा हो ।

फूल खिले तो बिखरे ख़ुशबू
बिना किसी भी बंधन के,
रहे न दिल में कभी निराशा
उम्मीदों का डेरा हो ।

जहां -जहां भी जाये मनवा
अपनी चाहत को पाये,
इर्दगिर्द चौतरफा हरदम
ख़ुशियों वाला घेरा हो ।

आंसू दूर रहें आंखों से
होंठों पर मुस्कान बसे,
दुख ना आये कभी किसी पर
सिर्फ़ सुखों का फेरा हो ।

कुण्ठा का तम घेर न पाये
मुक्त उजाला रहे सदा,
"वर्षा" रोशन रहे हर इक पल
कोसों दूर अंधेरा हो ।
      - डॉ. वर्षा सिंह

Happy New Year 2019

Saturday, December 29, 2018

अखलाक सागरी को श्रद्धांजलि - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

मशहूर शायर और गीतकार अखलाक सागरी का विगत शनिवार 22.12.2018 को निधन हो गया था। अखलाक लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने सागर में शुक्रवारी वार्ड स्थित अपने निजनिवास में अंतिम सांसें लीं थीं। वे 88 वर्ष के थे। 30 जनवरी 1930 में जन्मे स्वर्गीय सागरी का पिछले 70 सालों से हिंदी-उर्दू साहित्य में योगदान रहा है।
Dr. Varsha Singh

Dr. Sharad Singh

एजाज़ सागरी

अयाज़ सागरी

बायें से :- उमाकांत मिश्र एवं अशोक मिजाज़

 अखलाक शायरी व गीत लिखते थे। आकाशवाणी और दूरदर्शन पर अक्सर उनकी ग़ज़ल आती रहती हैं। फ़िल्म बेवफा सनम के हिट गाने ‘इश्क में क्या क्या बताएं कि दोनों, किस कदर चोट खाये हुए हैं’ से उन्हें काफी चर्चा मिली थी। उन्होंने बेवफा सनम के अलावा ‘आजा मेरी जान, अफसाना और ये इश्क-इश्क है’ आदि में गाने लिखे हैं। स्वर्गीय अखलाक सागरी के दो पुत्र हैं , एजाज़ सागरी तथा अयाज़ सागरी।
दायीं ओर से :- डॉ. (सुश्री) शरद सिंह, डॉ. वर्षा सिंह

सागर नगर के साहित्यकार स्व. अखलाक सागरी को श्रद्धांजलि देते हुए

Dr. Sharad Singh

Dr. Varsha Singh

     विगत दिनों दिनांक 26.12.2018 को सागर नगर के ही नहीं वरन देश के मशहूर शायर मरहूम अखलाक सागरी को सिविल लाइंस स्थित जे.जे.इंस्टीट्यूट, सागर में विनम्र श्रद्धांजलि देने हेतु नगर की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था श्यामलम तथा जेजे फाउंडेशन की ओर से एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया जिसमें सागर के साहित्यकारों ने मरहूम अखलाक सागरी जी के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।  मैंने यानी डॉ. वर्षा सिंह तथा बहन डॉ. (सुश्री) शरद सिंह ने भी शायर अखलाक सागरी जी के प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए अपने विचार व्यक्त किए तथा उनसे जुड़े अपने संस्मरण साझा किए। इस अवसर पर अखलाक सागरी जी के बड़े सुपुत्र एजाज़ सागरी तथा छोटे पुत्र अयाज़ सागरी जी ने भी अपने पिता अखलाक जी के संस्मरण सुनाए एवं उनकी ग़ज़लों का पाठ किया।


नव दुनिया, सागर दि. 27.12.2018

आचरण, दि. 22.12.2018
 
           अखलाक सागरी की प्रसिद्ध ग़ज़ल मैं यहां प्रस्तुत कर रही हूं ...

इश्क़ में क्या बतायें कि दोनों किस क़दर चोट खाये हुए हैं
मौत ने उनको मारा है और हम ज़िंदगी के सताये हुए हैं

ऐ लहद अपनी मिट्टी से कह दे दाग लगने न पाये क़फ़न को
आज ही हमने बदले हैं कपड़े आज ही हम नहाये हुए हैं

उसने शादी का जोड़ा पहन कर सिर्फ़ चूमा था मेरे बदन को
बस उसी दिन से जन्नत में हूरें मुझको दूल्हा बनाये हुए हैं

अब हमें तो फ़कत एक ऐसी चलती फ़िरती हुई लाश कहिये
जिन की मैयत में हद है के हम ख़ुद अपना कंधा लगाये हुए हैं

देख साक़ी तेरे मयकदे का कितना पहुँचा हुआ रिन्द हूं मैं
जितने आये हैं मैयत में मेरी सब के सब ही लगाये हुए हैं


Dr. Sharad Singh


           अखलाक सागरी का यह कता भी बहुत मशहूर है....
फुटपाथ पर पड़ा था वो कौन था बेचारा।
भूखा था कई दिन का दुनिया से जब सिधारा।
कुर्ता उठा के देखा, तो पेट पर लिखा था
सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा।

डॉ. (सुश्री) शरद सिंह

डॉ. वर्षा सि

एजाज़ सागरी
अयाज़ सागरी

Thursday, December 27, 2018

दिवंगत साहित्यकार रमेशदत्त दुबे का स्मरण

Dr. Varsha Singh

       सागर के दिवंगत साहित्यकार रमेशदत्त दुबे की पांचवीं पुण्यतिथि दिनांक 23.12.2018 पर श्यामलम् संस्था द्वारा जे.जे. इंस्टीट्यूट, सिविल लाइन्स, सागर में आयोजित कार्यक्रम में सागर नगर के हम सभी साहित्यकारों ने स्व. दुबे जी का पुण्य स्मरण किया।


  बुंदेली धरती में जन्मे कवि रमेशदत्त दुबे की रचनाओं में गहरी संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों की स्पष्ट झलक देखी जा सकती है। उन्होंने बुंदेली साहित्य और किस्सागोई की नई व्याख्या की है।


   रमेशदत्त दुबे का जन्म 31 मार्च, 1940, सागर, मध्यप्रदेश में हुआ था। बहुमुखी प्रतिभा के धनी डॉ. दुबे ने सागर विश्वविद्यालय से मनोविज्ञान में एमए किया था। सन् 1966 में अपनी कविता ‘असगुनिया’ से साहित्य जगत में चर्चा में आए। कवि एवं आलोचक डॉ. अशोक वाजपेयी से उनकी घनिष्ठ मित्रता थी। वे जीवन भर सागर में निवासरत रहे।  73 वर्ष की उम्र में सीढ़ियों से गिरने के कारण  दिनांक 23 दिसम्बर 2013 में उनका निधन हो गया था।

डॉ. (सुश्री) शरद सिंह

डॉ. (सुश्री) शरद सिंह


 उनकी प्रकाशित कृतियां हैं - पृथ्वी का टुकड़ा और गाँव का कोई इतिहास नहीं होता (कविता संग्रह)। पावन मोरे घर आयो (कहानी संग्रह)। पिरथवी भारी है (बुन्देली लोककथाओं का पुनर्लेखन), कहनात (बुन्देली कहावतों का कोश)। कर लो प्रीत खुलासा गोरी (लोककवि ईसुरी की फागों का हिन्दी रूपान्तरण)। अब्बक-दब्बक और रेलगाड़ी छुक-छुक (बाल-गीत संग्रह)। साम्प्रदायिकता (विचार पुस्तक)।




     रमेशदत्त दुबे के सम्पादन में प्रकाशित पुस्तकें हैं -  मेरा शहर (सर्वश्री शिवकुमार श्रीवास्तव, अशोक वाजपेयी, रमेशदत्त दुबे और ध्रुव शुक्ल की शहर पर केन्द्रित कविताओं का संकलन)। विहग (बीसवीं सदी में पक्षियों पर लिखी गयी सौ हिन्दी कवियों की कविताओं का संकलन)।
स्व. रमेशदत्त दुबे
        उन्होंने अपने जीवनकाल में साप्ताहिक-हन्टर, अनियतकालिक समवेत और कविता मासिक विन्यास का सहयोगी सम्पादन किया और साप्ताहिक प्रतिपक्ष, दैनिक भास्कर, पहले-पहल और सार्थक संवाद आदि में कालम लेखन किया।

Wednesday, December 26, 2018

सागर : साहित्य एवं चिंतन 38... वरिष्ठ कवि नेमीचंद रांधेलिया ’विनम्र’- डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

       स्थानीय दैनिक समाचार पत्र "आचरण" में प्रकाशित मेरा कॉलम "सागर साहित्य एवं चिंतन " । जिसमें इस बार मैंने लिखा है मेरे शहर सागर के वरिष्ठ कवि नेमीचंद रांधेलिया "विनम्र" पर आलेख। पढ़िए और जानिए मेरे शहर के साहित्यिक परिवेश को ....

सागर : साहित्य एवं चिंतन

वरिष्ठ कवि नेमीचंद रांधेलिया ’विनम्र’
                             - डॉ. वर्षा सिंह
--------------------------------------                         
परिचय :- नेमीचंद रांधेलिया ’विनम्र’
जन्म :- 27 जुलाई 1928
जन्म स्थान :- सागर नगर
पिता एवं माताः- पं. मुन्नालाल रांधेलिया एवं दुर्गाबाई
लेखन विधा :- कविताएं
प्रकाशन :- विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में
--------------------------------------
        साहित्यिक दृष्टि से सागर की उर्वर भूमि ने सागर नगर को अनेक कवि एवं साहित्यकार दिए हैं। पंडित मुन्नालाल रांधेलिया के घर में 27 जुलाई 1928 को जन्मे नेमीचंद रांधेलिया  सागर के साहित्य जगत में ’विनम्र जी ’ के नाम से जाने जाते हैं। विनम्र जी की माता दुर्गाबाई एक धार्मिक महिला रहीं जिनसे विनम्र जी को अपनी बाल्यावस्था से ही धर्म एवं समाजदर्शन की समझ मिली। विनम्र जी के मन में समाज सेवा और राष्ट्र प्रेम की भावना सदैव रही सन 1942 में स्वतंत्रता सेनानी के रूप में विनम्र जी ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया वे बुलेटिन बांटने का कार्य करते थे जो परतंत्र प्रशासन को पसंद नहीं आया और उन्होंने विनम्र जी को गिरफ्तार कर लिया यद्यपि उसी रात उन्हें जेल से रिहा भी कर दिया गया ।             
           विनम्र जी का परिवार धर्म परायण परिवार है उनके परिवार में दीक्षा लेने की उल्लेखनीय परंपरा रही है। विनम्र जी की बड़ी मां आर्यिका अजितमति माताजी थे जिन्होंने आर्यिका धर्म का पालन करते हुए अपना जीवन व्यतीत किया उनके पास विनम्र जी की पुत्री संध्या ने आर्य का की दीक्षा ली और यशोधर माताजी के नाम से विख्यात हुए विनम्र जी के दामाद सुनील कुमार जी यशोधर सागर जी के नाम से जाने गए तथा समधी विश्वात्मा सागर ने भी दीक्षा ग्रहण कर ली थी ।
            नेमीचंद विनम्र गौरा बाई दिगंबर जैन मंदिर ट्रस्ट में तथा दिगंबर जैन महिला आश्रम ट्रस्ट मंत्री हैं। उदासीन आश्रम एवं मोराजी ट्रस्ट के भी ट्रस्टी हैं। जैन छात्र संघ के प्रबंध के वरिष्ठ उपाध्यक्ष का दायित्व निभाते हुए जैन समाज के लिए महत्वपूर्ण कार्य विनम्र जी ने किया है। वरिष्ठ कवि नेमीचंद विनम्र बीमा क्षेत्र में विकास अधिकारी के रूप में लगभग 30 वर्ष सेवारत रहे तक इसके साथ ही साहित्य से जुड़े होने के कारण उन्हें प्रगतिशील लेखक संघ के अध्यक्ष पद का भी दायित्व सौंपा गया जिसे उन्होंने लंबे समय तक पूरी जिम्मेदारी से निभाया। विनम्र जी के दो पुत्र संतोष कुमार और मुकेश कुमार व्यवसायी हैं तथा दवा व्यवसाय में संलग्न हैं ।

         
          सन् 1944 से ही विनम्र जी साहित्य सेवा से जुड़ गए थे। उन्होंने हिंदी साहित्य सम्मेलन के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारना शुरू किया। प्रगतिशील लेखक संघ  साथ ही वे हिंदी साहित्य सम्मेलन के भी अनेक वर्षों तक अध्यक्ष रहे। वर्णी स्मृति ग्रंथ समिति में संयोजक-सम्पादक का दायित्व ग्रहण करते हुए उन्हांने वर्णी स्मृति ग्रंथ के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। विनम्र जी ने पंडित मुन्नालाल रांधेलिया वर्णी स्मृति ग्रंथ के भी संयोजक-सम्पादक रहे। विनम्र जी की कविताएं दैनिक हिंदुस्तान, वीर अर्जुन, जनसंदेश, अनेकांत, आचरण तथा नवदुनिया में प्रकाशित होती रही हैं।
            उनकी कविताओं में शब्दों का सहज प्रवाह एवं सरलता को अनुभव किया जा सकता है। वे कविता लिखते हुए क्लीष्टता से परे आमबोलचाल के शब्दों में अपनी भावनाओं को पिरोते हैं जिनमें आंचलिक शब्द भी सहज ही निबद्ध रहते हैं -
मेरे मित्रो, मेरे मन  में मेल नहीं है
अंतरंग में जलधारा है शैल नहीं है
सेवा के संकल्प दीप को अधिक जगाया
मुक्त हृदय पथ टेढ़ी-मेढ़ी गैल नहीं है

             वरिष्ठ कवि नेमीचंद विनम्र प्रकृति पर आधारित अपनी कविताओं में प्रकृति को भी उलाहना देने से चूकते नहीं हैं। जहां उन्हें लगता है कि प्रकृति अन्याय कर रही है, वे प्रकृति से वार्ता करने लगते हैं और उससे प्रश्न करने लगते हैं। ये पंक्तियां देखें-
 हे सजल घनो, तुम उत्तर दो
क्यों व्यर्थ बने हो कजरारे
आतप से तप्त धरा पर
क्यों दो बूंद धरा पर टपकाया
इन बूंदों से दुख और बढ़ा

Dr. Varsha Singh & Nemi chand Vinamra

              बाहुबली प्रथम तीर्थंकर ऋषभदेव के पुत्र थे। अपने बड़े भाई भरत चक्रवर्ती से युद्ध के बाद वह मुनि बन गए। उन्होंने एक वर्ष तक कायोत्सर्ग मुद्रा में ध्यान किया जिससे उनके शरीर पर बेले चढ़ गई। एक वर्ष के कठोर तप के पश्चात् उन्हें केवल ज्ञान की प्राप्ति हुई और वह केवली कहलाए। भगवान बाहुबली के प्रति अपनी श्रद्धा भाव व्यक्त करते हुए कवि विनम्र ने अपनी कविता में उन्हें नमन करते हुए लिखा है -
अंतिम लक्ष्य रहे मानव का
तप से ही कर्मों का मर्दन
व्योमदेश के श्री चरणों में
जग का अगणित बार बार नमन

             संत वर्णीजी पर कविता लिखते हुए कवि विनम्र ने जहां एक  और वर्णीजी के व्यक्तित्व को पूज्य ठहराया है, वहीं दूसरी ओर यह भी रेखांकित किया है कि वर्णीजी जैसे महापुरुषों की शिक्षा जीवन के अंधकार को प्रकाश में बदल देती है-
हे पूज्य वर्य, हे गुण निधान
हो गई धन्य वसुधरा
भारत के आध्यात्मिक योगी
तुमने अपने संज्ञान सूर्य से
अज्ञान तिमिर को उहो हरा
स्वीकार करो जग के प्रणाम

Dr. (Miss) Sharad Singh & Nemi chand Vinamra

         बुंदेलखण्ड अंचल में उच्चशिक्षा की ज्योति जलाने का उद्देश्य ले कर विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए अपनी सम्पत्ति दान कर देने वाले महादानी डॉ. हरीसिंह गौर के प्रति अपने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कवि विनम्र ने लिखा है -
हे युगपुरुष समर्पित तुमको
जन-जन के श्रद्धा प्रसून लो
जो पदचिन्ह तुमने छोड़े हैं
करने को आचरण सभी चुप
जो करते गुणगान अथक
जग की आज यही परिपाटी

          भारत की प्रथम और अब तक एकमात्र महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की असामयिक मृत्यु ने विनम्र जी के कविमन को झकझोर दिया था। स्व. इंदिरा गांधी के प्रति अपने उद्गार प्रकट करते हुए कवि विनम्र ने लिखा कि -
तुमने दे बलिदान देश को जगा दिया
खंडित करने के कुचक्र को विफल किया
ललकारा उन सबको जो भारत के दुश्मन थे
सागर मंथन से निकला वह जहर पिया

बाएं से : - डॉ. वर्षा सिंह, शायर अखलाक सागरी, नेमीचंद रांधेलिया विनम्र

            विनम्र जी ने अपनी लेखनी के प्रति भी उद्गार व्यक्त किए हैं। उन्होंने कविता के माध्यम से स्पष्ट किया है कि वे गीत और कविताएं क्यों लिखते हैं और उनकी कविताओं में किस प्रकार के भाव निहित रहते हैं। यह काव्यांश देखें -
मित्रों में ने गीत लिखे हैं
अश्रुधार में कलम डुबोकर
जब भी याद करोगे मुझको प्रेम भाव से
उतर गया मैं आज तुम्हारे अंतर्मन में
समा गया हूं आज तुम्हारे अंतर्मन में
मुझको पाओगे मन से, तन से और कर्म से
जो विजय कामना तुमने की
वह बनी प्राण प्रद वायु गहन ऊंचाई पर।

        वात्सल्य भाव के धनी वरिष्ठ कवि नेमीचंद विनम्र हंसमुख और ऊर्जावान  व्यक्तित्व के धनी हैं। वे 91 वर्ष की आयु में आज भी सतत सृजनशील हैं तथा अपनी उर्जास्विता बनाए हुए हैं। उनका लेखन तथा साहित्य के प्रति समर्पित युवाओं के लिए क्रियाशीलता का एक अनुपम उदाहरण है।
                   --------------
   
( दैनिक, आचरण  दि. 26.12.2018)
#आचरण #सागर_साहित्य_एवं_चिंतन #वर्षासिंह #मेरा_कॉलम #MyColumn #Varsha_Singh #Sagar_Sahitya_Evam_Chintan #Sagar #Aacharan #Daily

Tuesday, December 25, 2018

" अतुल्य भारत : संस्कृति और राष्ट्र " विषय पर अंतर्राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh
'संस्कृति' शब्द संस्कृत भाषा की धातु 'कृ' (करना) से बना है। कृ की उपस्थिति इन तीन शब्दों में विशेष रूप से है-  'प्रकृति' (मूल स्थिति), 'संस्कृति' (परिष्कृत स्थिति) और 'विकृति' (अवनति स्थिति)। शाब्दिक अर्थ देखें तो 'संस्कृति'  का शब्दार्थ है- उत्तम या सुधरी हुई स्थिति अर्थात किसी वस्तु को यहां तक संस्कारित और  परिष्कृत करना कि इसका अंतिम स्वरूप प्रशंसनीय और सम्मानित किए जाने योग्य हो।
भारतीय संस्कृति आत्मविज्ञान एवं आत्मज्ञान की संस्कृति है। अधोतल से  ऊर्ध्वगामी बनाने वाली। भारत में सच्चे अर्थों में वसुधैव कुटुम्बकम् के दर्शन होते हैं। हमारा देश प्रकृति पूजक है। हम जल, धरती, वायु, आकाश सभी प्राकृतिक स्पंदनों से संचालित होते हैं। यह धरोहर किसी और देश के पास नहीं है।

"अतुल्य भारत : संस्कृति और राष्ट्र " विषय पर अंतर्राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी में बाएं से प्रथम डॉ. (सुश्री) शरद सिंह

         पंडित दीनदयाल उपाध्याय शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सागर के हिन्दी विभाग द्वारा " अतुल्य भारत : संस्कृति और राष्ट्र " विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी का शुभारंभ रविवार दिनांक 23.12.2018 को किया गया। जिसमें बहन डॉ. (सुश्री) शरद सिंह को व्याख्यान देने हेतु एवं मुझे यानी आपकी इस मित्र डॉ. वर्षा सिंह को काव्यपाठ करने हेतु आमंत्रित किया गया।
संगोष्ठी में लंदन से आई लूसी गेस्ट, अमेरिका से आए डॉ. अनुभव मिश्रा, डॉ. श्याम सुंदर दुबे, श्रीराम परिहार आदि ने अपने विचार रखे। अतिथि विद्वान के रूप में साहित्यकार एवं संस्कृतिविद् डॉ. (सुश्री) शरद सिंह ने  अपना महत्वपूर्ण व्यक्तव्य दिया।






          डॉ. (सुश्री) शरद सिंह ने " भारतीय संस्कृति और मानवमूल्य " शीर्षक के अंतर्गत अपना महत्वपूर्ण व्यक्तव्य दिया।
डॉ. (सुश्री) शरद सिंह ‘खजुराहो की मूर्तिकला का सौंदर्यात्मक अध्ययन’’ विषय में पीएच.डी,.सामयिक प्रकाशन (नई दिल्ली) की साहित्यिक पत्रिका ‘‘सामायिक सरस्वती’’ की कार्यकारी संपादक, विभिन्न विषयों पर पचास से अधिक पुस्तकों की लेखिका, इतिहासविद्, स्तम्भकार, ब्लॉगर एवं साहित्यकार हैं।


          डॉ. (सुश्री) शरद सिंह द्वारा दिया गया व्यक्तव्य आप भी पढ़ें, जो निम्नलिखित है :-

         संस्कृति, राष्ट्र और समाज ये तीन ईकाइयां हैं, जो मानव संस्कृति को आकार देती हैं। सुसंस्कृति से सुराष्ट्र आकार लेता है और अपसंस्कृति से अपराष्ट्र। शब्द अनसुना सा लग सकता है-‘‘अपराष्ट्र’‘। किन्तु यदि राष्ट्रों की राजनीतिक स्तर पर अपराधों में लिप्तता राजनीतिक कुसंस्कारों को जन्म देती है और यही कुसंस्कार राष्ट्र में अतंकवाद की गतिविधियों को प्रश्रय देते हैं। विश्व में कई देश ऐसे हैं जो राजनीतिक दृष्टि से अपराष्ट्र की श्रेणी में गिने जा सकते हैं। वहीं भारत की संस्कृति का स्वरूप इस प्रकार का है जिसमें अपसंस्कारों की कोई जगह नहीं है। भारतीय संस्कृति ‘‘अप्प देवो भव’’ की संस्कृति है। यदि प्रत्येक मनुष्य में देवत्व के गुण जाग्रत हो जाएं तो सांस्कृतिक विकार जागने अथवा किसी विषम पल में जाग भी जाए तो उसके स्थाई रूप से बने रहने का प्रश्न ही नहीं है। संस्कृत में प्रणीत हमारा संपूर्ण वाङ्मय वेदों, उपनिषदों, रामायण, महाभारत, भागवत, भगवद्गीता आदि के रूप में विद्यमान है, जिसमें हमारे जीवन को सार्थक बनाने के सभी उपक्रमों का विस्तृत विवरण विद्यमान है। इन प्राचीन ग्रंथों में स्पष्ट रूप से व्याख्या की गई है कि संस्कृति एक शाब्दिक ईकाई नहीं वरन् जीवन की समग्रता की द्योतक है। संस्कृति मात्र चेतन तत्वों के लिए ही नहीं अपितु जड़तत्वों के लिए भी प्रतिबद्धता का आग्रह करती है। अब प्रश्न उठता है कि क्या जड़ तत्वों के लिए भी कोई सांस्कृतिक आह्वान होता है जबकि जड़ तो जड़ है, निचेष्ट, निर्जीव। फिर निर्जीव के लिए संसकृति का कैसा स्वरूप, कैसा रूप? ठीक इसी बिन्दु पर भारतीय संस्कृति की महत्ता स्वयंसिद्ध होने लगती है।




        भारतीय संस्कृति समस्त जड़ ओर समस्त चेतन जगत से तादात्म्य स्थापित करने का तीव्र आग्रह करती है। यही आग्रह आज हम पर्यावरण संतुलन के आग्रह के रूप में देखते हैं, सुनते हैं और उसके लिए चिन्तन-मनन करते हैं। जब पा्रणियों का शरीर पंचतत्वों से बना हुआ है और ये पंचतत्व वही हैं जिनसे संसार के जड़ तत्वों की भी पृथक-पृथक रचना हुई है, तो जड़ और चेतन के पारस्परिक संबंध अलग कहां हैं? ये दोनों तो घनिष्ठता से परस्पर जुड़े हुए हैं।
संस्कृति की ध्वजा को फहराते रहने का दायित्व मानव का है क्योंकि वही धरती पर उपस्थित शेष प्राणियों में सबसे अधिक विचारवान और निर्मितिपूर्ण है। निर्माणकौशल के सतत् विकास ने मानव को अन्य प्राणियों से श्रेष्ठतर बना दिया है। मनुष्य के निर्माणकौशल ने ही उसे सामाजिक प्राणी बनाया और मिलजुल कर रहने के लाभ को जानना सिखाया। मानव के निर्माणकौशल के विकास ने आज उसे इलेक्ट्रॉनिकयुग तक पहुंचा दिया है और यह विकासयात्रा अभी जारी है। किन्तु इसी विकास ने मानवजीवन में ‘‘मूल्य’’ शब्द के स्वरूप को अर्थतंत्र का अनुगामी बना दिया है। यूं तो ‘‘मूल्य’’ एक मानक है श्रेष्ठता के आकलन का। जिसके लिए अधिक श्रम, अधिक मुद्रा खर्च करनी पड़े, जिसके लिए मानव मन में अधिक ललक हो किन्तु उपलब्धता सीमित हो, वह मूल्यवान है। इसके विपरीत जो सुगमता से, कम मुद्राओं में मिल जाए, जिसकी उपलब्धता भी प्रचुर हो और जिसके प्रति मानव मन में अधिक ललक न हो वह सस्ता कहलाता है। यही परिभाषा बनाई है अर्थशास्त्रियों ने। किन्तु जब बात संसकृति की हो अर्थात् जीवनशैली की हो तो ‘‘मूल्य’’ शब्द का अर्थ असीमित और अपरिमित हो जाता है। संस्कृति बाजत्रार की वस्तु नहीं है, उसे खरीदा या बेचा नहीं जा सकता है। संस्कृति तो आचरण है जिसे अपनाया अथवा छोड़ा जा सकता है। जो संस्कृति को अपनाता है वह संस्कारवान होता है और जो संस्कृति का त्याग कर देता है, त्याग से यहां आशय सांस्कृति मूल्यों के त्याग से है। तो, जो संस्कृति को त्याग देता है वह असंस्कारी हो जाता है।






 
         भारतीय संस्कृति विश्व की प्राचीनतम संस्कृतियों में से एक है। मध्य प्रदेश के भीमबेटका में पाये गये शैलचित्र, नर्मदा घाटी में की गई खुदाई तथा कुछ अन्य नृवंशीय एवं पुरातत्त्वीय प्रमाणों से यह सिद्ध हो चुका है कि भारत भूमि आदि मानव की प्राचीनतम कर्मभूमि रही है। भारतीय संस्कृति की एक महत्त्वपूर्ण विशेषता यह है कि हज़ारों वर्षों के बाद भी यह संस्कृति आज भी अपने मूल स्वरूप में जीवित है, जबकि मिस्र, असीरिया, यूनान और रोम की संस्कृतियों अपने मूल स्वरूप को लगभग विस्मृत कर चुकी हैं। भारत में नदियों, वट, पीपल जैसे वृक्षों, सूर्य तथा अन्य प्राकृतिक देवी - देवताओं की पूजा अर्चना का क्रम शताब्दियों से चला आ रहा है। देवताओं की मान्यता, हवन और पूजा-पाठ की पद्धतियों की निरन्तरता भी आज तक अप्रभावित रही हैं। वेदों और वैदिक धर्म में करोड़ों भारतीयों की आस्था और विश्वास आज भी उतना ही है, जितना हज़ारों वर्ष पूर्व था। गीता और उपनिषदों के सन्देश हज़ारों साल से हमारी प्रेरणा और कर्म का आधार रहे हैं। समयानुसार परिवर्तनों के बाद भी भारतीय संस्कृति के आधारभूत तत्त्वों, जीवन मूल्यों और वचन पद्धति में निरन्तरता रही है।
भारतीय संस्कृति वह मार्ग सुझाती है कि वे सांस्कृतिक मूल्य कहां से सीखें जाएं जो मनावजीवन को मूल्यवान बना दे -
परोपकाराय फलन्ति वृक्षः
परोपकाराय वहन्ति नद्यः
परोपकाराय दुहन्ति गावः
परोपकारार्थमिदम् शरीरम्।

अर्थात् - वृक्ष परोपकार के लिए फलते हैं, नदियां परोपकार के लिए बहती हैं, गाय परोकार के लिए दूध देती हैं अतः अपने शरीर अर्थात् अपने जीवन को भी परोपकार में लगा देना चाहिए।





भारतीय संस्कृति की यह सबसे बड़ी विशेषता है कि वह चौरासी लाख योनियों में मनुष्य योनि को सबसे श्रेष्ठ मानती है किन्तु साथ ही अन्य योनियों की महत्ता को भी स्वीकार करती है। जिसका आशय है कि प्रकृति के प्रत्येक तत्व से कुछ न कुछ सीखा जा सकता है। और यह तभी संभव है जब प्रकृति के प्रति मनुष्य की आत्मीयता ठीक उसी प्रकार हो जैसे अपने माता-पिता, भाई, बहन, गुरु और सखा आदि प्रियजन से होती है। यह आत्मीयता भारतीय संस्कृति में जिस तरह रची-बसी है कि उसकी झलक गुरुगंभीर श्लोकों के साथ ही लोकव्यवहार में देखा जा सकता है। यहां कुछ उदाहरण प्रस्तुत हैं-
लोक जीवन में आज भी जल और पर्यावरण के प्रति सकारात्मक चेतना पाई जाती है। एक किसान धूल या आटे को हवा में उड़ा कर हवा की दिशा का पता लगा लेता है। वह यह भी जान लेता है कि यदि चिड़िया धूल में नहा रही है तो इसका मतलब है कि जल्दी ही पानी बरसेगा। लोकगीत, लोक कथाएं एवं लोक संस्कार प्रकृतिक के सभी तत्वों के महत्व की सुन्दर व्याख्या करते हैं। लोक जीवन की धारणा में पहाड़ मित्र है तो नदी सहेली है, धरती मां है तो अन्न देवता है। प्रकृति के वे सारे तत्व जिनसे मिल कर यह पृथ्वी और पृथ्वी पर पाए जाने वाले सभी जड़-चेतन मनुष्य के घनिष्ठ हैं, पूज्य हैं ताकि मनुष्य का उनसे तादात्म्य बना रहे और मनुष्य इन सभी तत्वों की रक्षा के लिए सजग रहे।
एक नदी लोकजीवन में किस तरह आत्मीय हो सकती है यह तथ्य बुन्देलखण्ड में गाए जाने वाले बाम्बुलिया लोकगीत में देखा जा सकता है। गंगा नदी को मां का स्थान दिया जाता है किन्तु यह स्थान सिर्फ़ गंगा के लिए नहीं है, मातृत्व का दर्ज़ा तो प्रत्येक उस नदी के लिए है जो जीवन के लिए आवश्यक तत्व प्रदान करती है। नर्मदा नदीघाटी की प्राचीन संस्कृति इसका एक उदाहरण है। इसीलिए बुंदेलखण्ड में नर्मदा को भी मां का स्थान दिया गया है। नर्मदा स्नान करने को नर्मदातट पर पहुंची मनुष्यों की टोली नर्मदा को देखते ही गा उगती है-
नरबदा मैया ऐसे तौ मिली रे
अरे, ऐसे तौ मिली के जैसे मिल गए मताई औ बाप रे
नरबदा मैया... हो....

जब नर्मदा माता है तो गंगा, यमुदना और सरस्वती की त्रिवेणी? क्या उनसे कोई नाता नहीं रह जाता है? लोकमानस त्रिवेणी से भी अपने रिश्तों को व्याख्यायित करता है-
नरबदा मोरी माता लगें रे
अरे, माता तौ लगें रे, तिरबेनी लगें मोरी बैन रे
नरबदा मैया... हो...
वहीं भोजपुरी लोकगीतों में गंगा को मां, यमुना को बहन, चांद और सूरज को भाई कहा गया है और साथ ही स्त्री की झिझक को प्रकट करते हुए यह भी कहा गया है कि इनके द्वारा अपने परदेसी पति को संदेश कैसे भिजवाऊं, तुम्हीं संदेश पहुंचाओ मेरी सखी।
चननिया छिटकी मैं का करूं गुंइया
गंगा मोरी मइया, जमुना मोरी बहिनी,
चान सुरुज दूनो भइया,
पिया को संदेस भेजूं गुंइया।


प्रकृति का मानवीकरण भोजपुरी लोकगीतों में बड़े सुन्दर ढंग से मिलता है। जैसे उपनयन, विवाह आदि संस्कारों में तीर्थस्थल गया को और तीर्थराज प्रयाग को निमंत्रण भेजा जाता है-
गया जी के नेवतिले आजु त
नेवीतीं बेनीमाधव हो
नेवतिलें तीरथ परयाग,
तबहीं जग पूरन हो ...

अर्थात् जब गया और तीर्थराज प्रयाग जैसे पावन स्थलों को आमंत्रित किया जाएगा, तभी यज्ञ तभी पूरा होगा।
भारतीय संस्कृति में मानवमूल्य की महत्ता इतनी सघन है कि प्रकृति को भी रक्तसंबंधियों से अधिक घनिष्ठ माना जाता है। इसके उदाहरण लोकसंस्कारों में देखे जा सकते हैं जो आज भी ग्रामीण अंचलों में निभाए जाते हैं-

कुआ पूजन - विवाह के अवसर पर विभिन्न पूजा-संस्कारों के लिए जल की आवश्यकता पड़ती है। यह जल नदी, तालाब अथवा कुए से लाया जाता है। इस अवसर पर रोचक गीत गाए जाते हैं। ऐसा ही एक गीत है जिसमें कहा गया है कि विवाह संस्कार के लिए पानी लाने जाते समय एक सांप रास्ता रोक कर बैठ जाता है। स्त्रियां उससे रास्ता छोड़ने का निवेदन करती हैं किन्तु वह नहीं हटता है। जब स्त्रियां उसे विवाह में आने का निमंत्रण देती हें तो वह तत्काल रास्ता छोड़ देता है।

सप्तपदी में जल विधान - विवाह में सप्तपदी के समय पर जो पूजन-विधान किया जाता है, उसमें भी जल से भरे मिट्टी के सात कलशों का पूजन किया जाता है। ये सातो कलश सात समुद्रों के प्रतीक होते हैं। इन कलशों के जल को एक-दूसरे में मिला कर दो परिवारों के मिलन को प्रकट किया जाता है।

पूजा-पाठ में जल का प्रयोग - पूजा-पाठ के समय दूर्वा से जल छिड़क कर अग्नि तथा अन्य देवताओं को प्रतीक रूप में जल अर्पित किया जाता है जिससे जल की उपलब्धता सदा बनी रहे।

मातृत्व साझा कराना - सद्यःप्रसूता जब पहली बार प्रसूति कक्ष से बाहर निकलती है तो सबसे पहले वह कुएं पर जल भरने जाती है। यह कार्य एक पारिवारिक उत्सव के रूप में होता है। उस स्त्री के साथ चलने वाली स्त्रियां कुएं का पूजन करती हैं फिर प्रसूता स्त्री अपने स्तन से दूध की बूंदें कुएं के जल में निचोड़ती हैं। इस रस्म के बाद ही वह कुएं से जल भरती है। इस तरह पह पेयजल को अपने मातृत्व से साझा कराती है क्योंकि जिस प्रकार नवजात शिशु के लिए मां का दूध जीवनदायी होता है उसी प्रकार समस्त प्राणियों के लिए जल जीवनदायी होता है।

जिस संस्कृति में पृथ्वी की रक्षा से ले कर पारिवारिक संबंधों की गरिमा तक पर समुचित ध्यान दिया जाता हो उस संस्कृति में मानवमूल्यों का पीड़ी दर पीढ़ी प्रवाहमान रहना स्वाभाविक है। यहां दो लोक कथाएं उदाहरण के लिए समीचीन होंगी- एक उरांव लोककथा और दूसरी बोडो लोककथा।

उरांव जनजाति में प्रचलित कथा है जिसमें केकड़े और कछुए के के द्वारा मनुष्य को पृथ्वी की रक्षा करने का मार्ग समझाया गया है। कथा कुछ इस प्रकार है कि - परमात्मा धरमेस ने मानव-संसार बसाने के लिए पृथ्वी का सृजन किया। उस समय पृथ्वी महासागर में तैरती थी। जिसके कारण पृथ्वी पर अस्थिरता बनी रहती थी। एक दिन परमात्मा धरमेस की पत्नी पार्वती स्वर्ग में बैठ कर पृथ्वी के दृश्यों का आनन्द ले रही थीं कि उसी समय पृथ्वी ने हिचकोला खाया और दृश्य बदल गया। सुन्दर दृश्य के स्थान पर असुन्दर दृश्य दिखाई पड़ने लगा।
‘यह कैसी पृथ्वी बनाई है आपने? जब देखो, हिलती-डुलती रहती है। या तो आप इसे स्थिर करिए या फिर इसे नष्ट कर दीजिए।’ पार्वती ने रुष्ट होते हुए कहा।
  ‘मैं इसे कछुवे की पीठ पर रख देता हूं। जिससे यह अधिक हिलेगी-डुलेगी नहीं।’ यह कहते हुए परमात्मा धरमेस ने पृथ्वी को कछुवे की पीठ पर रख दिया।
  कुछ समय तक तो सब ठीक-ठाक रहा किन्तु पार्वती ने देखा कि कछुवा जब थक जाता है तो करवटें लेने लगता है जिससे पृथ्वी पर उथल-पुथल मच जाती है।
  ‘यह आपने कैसी व्यवस्था की है? अधिक समय पृथ्वी हिलती रहती है। उस पर कोई सुन्दर दृश्य अधिक समय टिक नहीं पाता है। आपका ये कछुवा बहुत हिलता है।’ पार्वती ने परमात्मा धरमेस से शिकायत की।
‘ठीक है, मैं इस बाधा को भी दूर किए देता हूं।’ परमातमा धरमेस ने कहा और एक केकड़े को कछुवे के पास नियुक्त कर दिया। केकडे़ का काम था, कछुवे को चारो ओर से अपने हाथों से जकड़े रहना जिससे कछुवा अधिक हिले-डुले नहीं।
यद्यपि कभी-कभार कछुवा थक कर थोड़ी-बहुत चेष्टाएं करता है जिससे भूकम्प आते हैं। फिर भी कछुवे और केकड़े की व्यवस्था के बाद पृथ्वी अधिक सुरक्षित हो गई अन्यथा गेंद के समान गोल, महासागर में तैरती पृथ्वी अब तक न जाने कहां चली गई होती। अर्थात् पृथ्वी को बचाना है तो विविधता में एकता को अपनाना ही होगा।



बोडो जनजाति में प्रचलित ‘राओना और राओनी’’ कथा-
 प्राचीन काल में एक गांव में एक भाई-बहन रहते थे। भाई का नाम था राओना और बहन का नाम था राओनी। दोनों अपनी दादी के साथ रहते थे। कुछ समय बाद दोनों विवाह योग्य बड़े हो गए। एक दिन राओनी नदी में नहा रही थी कि राओना भी उधर आ निकला। उसने अपनी बहन के निर्वस्त्रा युवा शरीर को देखा तो वह उसकी सुंदरता पर मोहित हो गया। राओना ने दादी से कहा कि वह अपनी बहन से विवाह करेगा। दादी राओना के क्रोध के भय से कुछ नहीं बोली। थेड़ी देर बाद, दादी सूपे में अनाज ले कर बैठ गई और अनाज फटकने लगी। साथ में वह गीत गाने लगी और गीत के माध्यम से उसने राओनी को राओना की मंशा के बारे में बता दिया। राओनी ने सुना तो वह दंग रह गई। उसने सोच लिया कि चाहे कुछ भी हो लेकिन वह अपने भाई से विवाह नहीं करेगी। किन्तु वहीं रहते हुए विवाह से बचा नहीं जा सकता था अतः राओनी आकाश में उड़ चली। उसी समय उसका भाई राओना आ गया। उसने राओनी को उड़ कर दूर जाते हुए देखा तो वह समझ गया कि राओनी उससे बचने के लिए भाग रही है। राओना ने राओनी का पीछा किया। राओनी ने देखा कि राओना उसके पीछे आ रहा है तो वह भाग कर बादलों में छिप गई और बादलों की ओट में उड़ने लगी। बादलों के बीच से कभी-कभी उसकी झलक दिख जाती। इस झलक से सारी धरती और सारा आकाश प्रकाशित हो जाता। राओनी को पहुंच से दूर पा कर राओनी क्रोध से गर्जना करने लगा। उसकी गर्जन से परा आकाश और समूची धरती कांप उठी। लेकिन राओनी नहीं डरी। वह बादलों के साथ-साथ उड़ती रही और अपने कुत्सित विचारों वाले भाई से स्वयं को बचाती रही। जबकि राओना अपनी बहन का पीछा करता हुआ उसे डराने के लिए गर्जनाएं करता रहा। आज भी बादलों में बिजली के रूप में राओनी दिखाई पड़ जाती है और उसके दिखने के ठीक बाद राओना की गर्जना बादलों की गर्जना के रूप में सुनाई देती है। यह कथा प्रकृति का मानवीकरण कर के द्वारा पारिवारिक संस्कारों की रक्षा करने का प्रबल आग्रह करती है।


वस्तुतः संस्कृति व्यक्ति, समाज, राष्ट्र और विश्व के सतत् विकास का महत्त्व पूर्ण आधार है। मानव मूल्य संस्कृति से ही उत्पन्न होते हैं और संस्कृति की रक्षा करते हैं। सत्य, शिव और सुन्दर के शाश्वत मूल्यों से परिपूर्ण भारतीय संस्कृति में पाषाण जैसी जड़ वस्तु भी देवत्व प्राप्त कर सर्वशक्तिमान हो सकती है और नदियां एवं पर्वत माता, पिता, बहन, आदि पारिवारिक संबंधी बन जाते हैं। ऐसी भारतीय संस्कृति की नाभि में मानवमूल्य ठीक उसी तरह अवस्थित है जैसे भगवान विष्णु की नाभि में कमल पुष्प और उस कमल पुष्प पर जिस तरह ब्रह्मा विद्यमान हैं, उसी तरह मानवमूल्य पर ‘सर्वे भवन्ति सुखिनः’ की लोक कल्याणकारी भावना विराजमान है। 
मानवता का  पाठ  पढ़ाती  भारत की संस्कृति
जीवन का हर मूल्य सजाती भारत की संस्कृति
सींचा करती ज्ञानसुधा से हर  मन को  हरदम
सबके सुख के दीप जलाती भारत की संस्कृति   
              ----------------------------