Showing posts with label प्रेमचंद. Show all posts
Showing posts with label प्रेमचंद. Show all posts

Tuesday, December 10, 2019

"सेवासदन" के शताब्दी वर्ष पर विशेष आलेख : एक शताब्दी बाद भी प्रासंगिक है प्रेमचंद की कृति "सेवासदन" - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

एक शताब्दी बाद भी प्रासंगिक है प्रेमचंद की कृति "सेवासदन"
  - डॉ. वर्षा सिंह
             "सेवासदन" उपन्यास हिन्दी कथाकारों में कथासम्राट के रूप में प्रतिष्ठित कथाकार प्रेमचंद द्वारा रचित एक ऐसा उपन्यास है जिसे प्रेमचंद ने  सन् 1916 में उर्दू भाषा में लिखा था। वस्तुतः उर्दू में यह "बाज़ारे-हुस्न" नाम से लिखा गया था। बाद में उन्होंने स्वयं सन 1919 में  इसका हिन्दी अनुवाद किया। इस मायने में यह प्रेमचंद का पहला हिन्दी उपन्यास है और 2019 का वर्ष "सेवासदन" के लेखन का शताब्दी वर्ष है।
  सेवासदन की प्रासंगिकता प्रकाशित होने के 100 साल बाद आज भी बनी हुई है। इसकी कहानी बीसवीं सदी में वाराणसी की पृष्ठभूमि पर केन्द्रित है जहां नायिका सुमन अपने पति के साथ रहती है। सुमन इसकी प्रमुख नारी पात्र  है जो भारतीय समाज में महिलाओं की दशा का उदाहरण है। वह एक साहसी, निडर सुंदर महिला है किन्तु प्रेम के अभाव में उसका दाम्पत्य जीवन सुखद नहीं था। दुखी और उदास सुमन पुलिस दारोगा कृष्णचन्द्र की पुत्री है जो सज्जन एवं जनप्रिय अफसर है । अधिकांश पुलिस अधिकारियों की भांति रिश्वत माँगकर आडंबरपूर्ण जीवन बिताना उन्हें पसन्द नहीं था। वे रिश्वत नहीं लेते थे और दूसरों को भी रिश्वत लेने से रोकते थे। उनके वेतन से पत्नी गंगाजली, बड़ी पुत्री सुमन तथा छोटी पुत्री बेटी शांता का जीवन भलीभांति पोषित हो रहा था। सुमन सुंदर, सुशील और सुशिक्षित लड़की है । वह बहुत महत्वाकांक्षी थी । जब सुमन विवाह योग्य हुई तो दहेज की समस्या कृष्णचन्द्र को परेशान करने लगी। उसी के चलते वे एक मुकदमे में फंसे महंत रामदास से तीन हज़ार रुपये रिश्वत मांग बैठे और रंगे हाथों पकड़े गए, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें चार वर्ष की सज़ा सुना दी गई। तब उनकी पत्नी गंगाजली बेटियों सुमन और शांता के साथ वाराणसी में अपने भाई के घर पर निवास करने लगीं। इस पूरे प्रकरण के कारण सुमन का विवाह रुक गया। सुमन के मामा पक्ष ने किसी तरह दहेज दिए बिना सुमन से आयु में बड़े गजाधर पांडे नामक व्यक्ति से सुमन का विवाह संपन्न करा दिया। आयु में ही नहीं स्वभाव में भी पति और पत्नी में बड़ा अंतर था। अनेक सदमे झेलती सुमन की मां का इस दौरान निधन हो गया। गजाधर मितव्ययी प्रवृत्ति का था वह सुमन को बेहतर खाना, कपड़ा जैसी मूलभूत चीज़ों, सुख-सुविधाओं से वंचित रखता। सुमन प्रेम के साथ ही भौतिक सुख के लिए तरसती। आखिर एक दिन दोनों के वैवाहिक जीवन का ताल-मेल टूट गया ।  गजाधर ने सुमन को घर से निकाल दिया ।


        मुसीबत की मारी, पति से उपेक्षित सुमन वकील पद्मसिंह की शरण में गयी, किन्तु वहां भी उसे सहारा नहीं मिला। तब एक  भोली नामक वेश्या ने सुमन को शरण दी। आत्मग्लानि से पीड़ित गजाधर पांडे कालांतर में साधु का जीवन व्यतीत करने लगा।
 सेवासदन उपन्यास का एक और प्रमुख पात्र सदनसिंह एक सुंदर एवं बलिष्ठ युवक है जो अपने गांव से बनारस में आकर अपने चाचा पद्मसिंह के यहां रहकर पढ़ता था। उसकी दृष्टि सुमन पर पड़ गई। समय गुज़रता गया। समाज सुधारक विट्ठलदास ने सुमन को भोली वेश्या के चंगुल से छुड़ाने का प्रयत्न किया। तर्क-वितर्क के पश्चात सुमन ने वेश्यालय छोड़कर समाज सुधारकों द्वारा संचालित विधवा आश्रम में रहने का निश्चय किया । इसी बीच चार साल की अवधि की सज़ा काट कर सुमन के पिताजी कृष्णचन्द्र जेल से बाहर आ गए। सदनसिंह से शांता का विवाह तय हो गया, किंतु तरह- तरह की अफवाहों के डर से सदन ने विवाह नहीं किया वरन् सदन और सुमन के बीच मेलजोल बना रहा। अपनी बेटियों के असफल जीवन पर दुःखी होकर कृष्णचन्द्र ने घर का त्याग कर दिया। रास्ते में उन्हें एक साधु से मिला जो सुमन का पति गजाधर पांडे था । गजाधर ने अपना नाम गजानन्द रख लिया था । पारिवारिक जीवन की विफलता के कारण वह पहले ही साधु बन चुका था। पहले तो कृष्णचन्द्र ने गजाधर के साथ रहने का निश्चय किया किंतु बाद में रात को चुपके उठकर पास ही प्रवाहमान गंगा नदी में कूद कर आत्महत्या कर ली ।

उधर गंगा के तट पर रहने वाला सदनसिंह मल्लाहों का नेता बन गया। उसने दो-चार नावें भी खरीद लीं। सदन ने सोच-विचार कर सुमन की छोटी बहन शांता को पत्नी के रूप में स्वीकार कर नदी के तट पर बनी झोंपड़ी में रहना शुरू किया। सुमन भी इस झोंपड़ी में रहती थी। अंतर्द्वन्द्व से घिरी सुमन झोंपड़ी से निकली तब रास्ते में उसे एक साधू मिला, सुमन नहीं जानती थी कि वह साधु और कोई नहीं बल्कि उसका पति गजाधर है। उन दिनों गजाधर ने पद्मसिंह के सहायता से एक आश्रम बनाकर निराश्रित युवतियों को संरक्षण देने का कार्य शुरू कर दिया था । सुमन भी इस सेवासदन नामक आश्रम से जुड़ कर सेवा कार्य में लग गई ।


        इस प्रकार “सेवासदन” समाज में नारी के अधोपतन के मूल में छिपे सामाजिक कारणों को उजागर करने वाला उपन्यास है । पत्नी के रूप में प्रताड़ित सुमन और वेश्या के रूप में सुख-सुविधा भोगी किन्तु मानसिक रूप से अशांत सुमन। भारतीय समाज में स्त्री के इन दो रूपों को चित्रित कर प्रेमचंद ने समाज की कुरीतियों को उजागर किया है।

“सेवासदन” की मुख्य कथा गजाधर और सुमन से संबंधित है तो गौण कथा सदन सिंह और शांता से संबंधित कथा है । गजाधर की कथा का अंत साधु जीवन को वरण करने पर है तो सुमन की कथा का अंत सेवाश्रम (सेवासदन) में होता है ।

       समाज में व्याप्त कुरीतियां और स्त्री की स्थिति आज भी काफी हद तब सुधरी नहीं है। स्त्री को ग़लत रास्तों पर धकेलने को जिम्मेदार परिस्थितियों में वैसा क्रांतिकारी बदलाव नहीं आया है जैसा 21वीं सदी में दरकार था। इसीलिये “सेवासदन”  भौतिक और आत्मिक दोनों सुखों की प्राप्ति से सुखी जीवन की अवधारणा को बल देने वाला लेखन के 100 वर्ष बाद भी प्रासंगिक उपन्यास है।
      यहां सागर नगर में रहती थी कुसुम (परिवर्तित नाम) नामक युवती। सुंदर, बोल्ड युवती.... भृत्य पिता और घरों में कामवाली बाई का कार्य करने वाली अनपढ़ मां की पढ़ी-लिखी पुत्री कुसुम। मैंने देखा है कि किस तरह भौतिक सुख-सुविधा की लालसा में पड़ कर अपनी उम्र से 20 वर्ष बड़े पुरुष की रखैल बन कर उसने अपना जीवन तबाह कर लिया। इतना ही नहीं उस पुरुष द्वारा त्यागे जाने पर वह कॉलगर्ल बन कर समाज की विद्रूपताएं झेलती रही। अंतोगत्वा मानसिक शांति की तलाश में भटकते हुए  एक दिन थक-हार कर उसने रेल से कट कर अपनी जान दे दी। उसके छोटे भाई- बहन भी नारकीय जीवन जीने को विवश थे। वर्तमान में वह परिवार कहीं सुदूर शहर जा कर किस तरह रह रहा है, पता नहीं। "सेवासदन" की 20वीं सदी की सुमन और मेरे शहर की वर्तमान समय की .... 21वीं सदी की कुसुम... अनेक समानताएं हैं दोनों की जीवनगाथा में।
      हां, इसलिए मैं दावे से यह बात कह सकती हूं कि "सेवासदन" आज भी प्रासंगिक है।

Wednesday, July 31, 2019

प्रेमचंद जयंती (31 जुलाई) पर विशेष - डॉ. वर्षा सिंह

Dr. Varsha Singh

       आज 31 जुलाई... यानी हिन्दी कथा साहित्य के पुरोधा प्रेमचंद का जन्म दिवस है... "पत्रिका" समाचारपत्र के सागर संस्करण में आज प्रकाशित मैं अपने और बहन डॉ. (सुश्री) शरद सिंह के विचारों को यहां आप सभी से साझा कर रही हूं. Please read & share.....

http//:patrika.com/c/41980335


*बुंदेली इतिहास एवं संस्कृति से प्रभावित थे प्रेमचंद*
- डॉ. (सुश्री) शरद सिंह, वरिष्ठ लेखिका एवं उपन्यासकार
           प्रेमचंद ने भारतीय समाज की विशेषताओं और अन्तर्विरोधों को एक कुशल समाजशास्त्री की भांति गहराई से समझा। इसलिए उनके साहित्य में भारतीय समाज की वास्तविकता स्पष्ट रूप से देखी जा सकती है। स्त्रियों, दलितों सहित सभी शोषितों के प्रति प्रेमचंद ने अपनी लेखनी चलाई। प्रेमचंद मात्र एक कथाकार नहीं वरन् एक समाजशास्त्री भी थे। उनकी समाजशास्त्री दृष्टि सैद्धांतिक नहीं बल्कि व्यवहारिक थी। इसीलिए वे उस सच्चाई को भी देख लेते थे जो अकादमिक समाजशास्त्री देख नहीं पाते हैं। उन्होंने जहां एक ओर कर्ज में डूबे किसान की मनोदशा को परखा वहीं समाज के दोहरेपन की शिकार स्त्रियों की दशा का विश्लेषण किया। उन्होंने ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य की कहानियां भी लिखीं और उनके लिए प्रेमचंद ने बुंदेलखंड के कथानकों को चुना। बुंदेलखंड पर आधारित उनकी दो कहानियां हैं- -‘राजा हरदौल’ और ‘रानी सारंधा’।     
         ‘राजा हरदौल’ बुंदेलखंड की लोकप्रिय कथा है। इस बहुचर्चित कथा का बुंदेलखड के सामाजिक जीवन में भी बहुत महत्व है। यह कथा ओरछा के राजा जुझार सिंह की अपने छोटे भाई हरदौल सिंह के प्रति प्रेम और संदेह की कथा है जिसने ओरछा के इतिहास को प्रभावित किया।
        बुंदेलखंड पर आधारित दूसरी कहानी ‘रानी सारन्धा’ बुंदेलखंड गौरव कहे जाने वाले महाराज छत्रसाल की मां रानी सारंधा की कथा है। रानी सारंधा ओरछा के राजा चम्पतराय की पत्नी थीं। चम्पतराय के संबंध में प्रेमचंद ने अपनी कहानी में लिखा है कि ‘राजा चम्पतराय बड़े प्रतिभाशाली पुरुष थे। सारी बुन्देला जाति उनके नाम पर जान देती थी और उनके प्रभुत्व को मानती थी। गद्दी पर बैठते ही उन्होंने मुगल बादशाहों को कर देना बन्द कर दिया और वे अपने बाहुबल से राज्य-विस्तार करने लगे।’
           ‘रानी सारंधा कहानी के आरम्भ में वे बुंदेलखंड उस रियासत का वर्णन करते हैं जहां रानी सारंधा का जन्म हुआ था। वे लिखते हैं-‘शताब्दियां व्यतीत हो गयीं बुंदेलखंड में कितने ही राज्यों का उदय और अस्त हुआ मुसलमान आए और बुंदेला राजा उठे और गिरे-कोई गांव कोई इलाका ऐसा न था जो इन दुरवस्थाओं से पीड़ित न हो मगर इस दुर्ग पर किसी शत्रु की विजय-पताका न लहरायी और इस गांव में किसी विद्रोह का भी पदार्पण न हुआ। यह उसका सौभाग्य था।’ यह कथा रानी सारंधा के जीवन के साथ ही बुंदेलखंड के परिवेश से परिचित कराती है। प्रेमचंद ने जहां अपनी कहानियों में दुखी, दलित, शोषित और दुर्बल चरित्रों को महत्व दिया, वहीं बुंदेलखंड के इतिहास के तथ्यों और चरित्रों को भी अपनी कहानियों में स्थान दिया। कथा सम्राट प्रेमचंद के कथा साहित्य में बुंदेलखंड के कथानकों का पाया जाना इस बात का द्योतक है कि वे बुंदेली संस्कृति, परम्पराओं एवं इसके गौरवशाली इतिहास से प्रभावित थे।
         -----------------------------
कथा सम्राट प्रेमचंद # साहित्य वर्षा


हर युग में प्रासंगिक हैं प्रेमचंद

- डॉ. वर्षा सिंह, ब्लॉगर एव साहित्यकार
            कथाकार प्रेमचंद ने अपनी कहानियों में जिस तरह के पात्रों को प्रस्तुत किया है वह अद्वितीय है। प्रेमचंद की कहानियों का फलक व्यापक है। शैल्पिक विशेषताओं की दृष्टि से भी प्रेमचंद की कहानियां अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। अपने समकालीन कथा साहित्य और परवर्ती पीढ़ी को उनकी कहानियों ने यथेष्ट रूप से प्रभावित किया है। जब तक मानवीय संवेदना रहेंगी तब तक प्रेमचंद प्रासंगिक रहेंगे। प्रेमचन्द की रचना-दृष्टि, विभिन्न साहित्य रूपों में, अभिव्यक्त हुई। वह बहुमुखी प्रतिभा संपन्न साहित्यकार थे। उनकी रचनाओं में तत्कालीन इतिहास बोलता है। उन्होंने अपनी रचनाओं में जनसाधारण की भावनाओं, परिस्थितियों और उनकी समस्याओं का मार्मिक चित्रण किया। उनकी कृतियाँ भारत के सर्वाधिक विशाल और विस्तृत वर्ग की कृतियाँ हैं। वे अपने युग की चेतना के मुख्य संवाहक कथाकार के रुप में प्रतिष्ठित हुए । प्रेमचंद जी हिंदी भाषा और साहित्य के सच्चे प्रतिनिधि, उपासक और पोषक हैं। उनके साहित्य में भारतीय आत्मा बोलती है। वे भारतीय साहित्य में किसान-जीवन को अभिव्यक्ति देने वाले सर्वश्रेष्ठ कथाकार हैं।  उन्होंने अपनी लेखनी के महान बल से जनजीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने का प्रयास किया । ‘गबन’, ‘कर्मभूमि’ और ‘गोदान’ जैसे उपन्यास और ‘पूस की रात’, ‘सवा सेर गेहूँ’, ‘ठाकुर का कुआँ’ और ‘कफ़न’ जैसी कहानियों ने प्रेमचंद को कालजयी कथाकार बना दिया। वे हर युग में प्रासंगिक हैं।         
         -----------------------------